Nizamabad एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थिति में लाश बरामद,परिवार ने हत्या की आशंका जताई
निजामाबाद (आजमगढ़ ) : जनपद में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का जहा कार्यक्रम सुनियोजित है
वही थाना क्षेत्र के डीहवाबारी (पिपरी) गांव निवासी अशोक तिवारी (52) का सोमवार की सुबह दूसरे गांव की सरहद पर हत्या कर फेंका हुआ शव बरामद हुआ। मृतक की पत्नी ने जमीन विवाद में हत्या करने का आरोप लगाया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल में जुटी है।
डीहवाबारी (पिपरी) गांव निवासी अशोक तिवारी रविवार की रात रोज की भांति अपने परिवार के साथ खाना खाने के बाद सोने चले गए। सोमवार की सुबह दूसरे गांव के सिवान में गेहूं के खेत में उनका शव देखा गया। इसकी सूचना क्षेत्र के दमदीयावन गांव के प्रधान द्वारा पुलिस को दी गई।हत्या की सूचना क्षेत्र में आग की तरह फैल गई, जो जिधर से सुना उधर से घटनास्थल पर पहुंचने लगा। घटनास्थल पर काफी संख्या में महिला और पुरुष एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुट गई। लोगों का कहना है कि अशोक तिवारी बहुत ही सीधे और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। इनके पास दो लड़के और तीन लड़कियां थीं।दो लड़कियों की शादी हो चुकी है। मृतक की पत्नी सरोज तिवारी रो-रो कर बेहोश हो जा रही थीं। पत्नी ने जमीन विवाद में पति की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।मृतक के पुत्र विमलेश वैभव तिवारी ने आरोपियों के विरुद्ध तहरीर दे दी है।थाना प्रभारी हीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।पोस्टमार्टम में क्या रिपोर्ट आती है पुलिस हर बिंदुओं पर जांच कर रही है।थाना प्रभारी ने कहा है कि घटना में जो भी संलिप्त होगें पुलिस किसी को नहीं छोड़ेगी उसके खिलाफ कड़ी करवाई करेगी।